महोली कोतवाली क्षेत्र में वैन व टाटा मैजिक की टक्कर हो गई। इससे दोनों वाहनों में सवार पांच लोग घायल हो गए। घायलों को नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। ये लोग पड़ोसी जिला लखीमपुर खीरी के निवासी हैं।
लखीमपुर खीरी के मैगलगंज थाना क्षेत्र के ग्राम औरंगाबाद निवासी मुकेश गुप्ता (30), अपने पुत्र नैतिक (10) व बहन सोनी (25) के साथ रामकोट थाना क्षेत्र के ग्राम बीहट गौर से वैन में सवार होकर घर जा रहा था। रास्ते में राष्ट्रीय राजमार्ग पर नेरी के निकट वैन की टाटा मैजिक से टक्कर हो गई।
इससे वैन में सवार मुकेश गुप्ता, नैतिक गुप्ता, सोनी गुप्ता समेत वैन का चालक औरंगाबाद निवासी हरिनाम (35) तथा टाटा मैजिक का चालक मैगलगंज के खखरा निवासी ऋषि मिश्रा (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को तत्काल महोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां पर डॉक्टरों ने पांचों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।