पंचप्रयाग तीर्थ में मरी मछली लेकर जाता युवक। संवाद
नैमिषारण्य। नैमिषारण्य में कई तीर्थ स्थल उपेक्षा का शिकार हैं। इसी वजह से शुक्रवार को मां ललिता देवी मंदिर के पास स्थित पौराणिक पंचप्रयाग तीर्थ में दूषित पानी के जमाव के कारण मछलियों की मौत हो गई।
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार तीर्थ में नियमित रूप से स्वच्छ पानी नहीं भरे जाने और साफ-सफाई के अभाव के कारण जल की गुणवत्ता लगातार गिर रही है। इसी का परिणाम है कि पंचप्रयाग तीर्थ में बड़ी संख्या में मछलियां मृत पाई गईं। बताया कि कर्मचारियों के गैर जिम्मेदाराना रवैये और नियमित सफाई के अभाव से तीर्थ में मछलियों के जीवन पर संकट खड़ा हो गया है। यह तीर्थ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है, जो यहां आकर आचमन और पूजन करते हैं। गंदगी और मृत मछलियों को देखकर श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंच रही है।
एसडीएम मिश्रिख दीपक कुमार गुप्ता ने तीर्थ का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर पालिका के कर्मचारियों को तीर्थ की नियमित और समुचित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।