कमलापुर (सीतापुर)। विद्युत उपकेंद्र जलालपुर में रविवार देर रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते विद्युत ट्रॉली धू-धू कर जलने लगी। आग लगने से उपकेंद्र के कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। विद्युत कर्मचारियों ने फौरन दमकल कर्मियों को सूचना दी। उपकेंद्र कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इससे करीब 100 गांवों की बत्ती गुल हो गई है। रात से लेकर पूरे दिन बिजली गुल रहने से करीब पांच लाख की आबादी को संकट का सामना पड़ा।
रविवार देर रात विद्युत उपकेंद्र जलालपुर से क्षेत्र के गांवों को सामान्य तरीके से आपूर्ति हो रही थी। अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। फायर बिग्रेड को सूचना के बाद जब आने में देरी लगी तो कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत करके खुद ही आग पर काबू पाया। इसके बाद क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। इसकी वजह से जलालपुर, मूसेपुर, जाजपुर, कुंवरपुर, रायपुर, केसरिया, दहेलिया, सुजावलपुर, मखुवापुर, शाहपुर आदि करीब 100 गांव में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। ऐसे में करीब पांच लाख की आबादी बिजली से प्रभावित हुई है। गर्मी में लोगों का हाल बेहाल है।
सोमवार को पूरे दिन इन गांवों में बिजली का संकट रहने से लोग परेशान रहे। इनवर्टर तक जवाब दे गए, इससे लोगों को काफी परेशानी हुई। देर रात से लेकर सोमवार को पूरे दिन बिजली गुल रही। एसएससो सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि सिधौली रोस्टिंग के बाद पूरी लाइन चेक करके आपूर्ति चालू की गई थी। किसी तरह शॉर्ट सर्किट से उपकेंद्र के अंदर ट्रॉली में आग लग गई। मामले से उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। सोमवार शाम तक विद्युत आपूर्ति बहाल करने की पूरी कोशिश की जाएगी।
फाल्ट ठीक न होने से बिजली आपूर्ति ठप
मानपुर (सीतापुर)। क्षेत्र के कटरा गांव व चौराहे पर चार दिन से विद्युत आपूर्ति ठप है। बिजली न आने से शाम होते ही गांव व चौराहे पर अंधेरा हो जाता है। गांव वालों का कहना है कि शिकायत के बावजूद कोई ध्यान नहीं दे रहा है। कटरा में बिजली खैराबाद के भवानीपुर फीडर से सप्लाई की जाती है। शुक्रवार को ट्रांसफार्मर के पास से फॉल्ट के चलते गांव व चौराहे की लाइट गुल हो गई।
ग्रामीण इस भीषण गर्मी में बिना बिजली के रहने को मजबूर हैं। चौराहे के दुकानदार शाम होते ही अपनी दुकानें बंद कर घर चले जाते हैं। इससे उनको व्यापार में नुकसान उठाना पड़ रहा है। पंकज अवस्थी, ओमप्रकाश अवस्थी, गुड्डू, सुरेंद्र शुक्ला ने जल्द आपूर्ति बहाल किए जाने की मांग की है।