सीतापुर। शहर कोतवाली के हरदोई-सीतापुर मार्ग पर गोशाला के पास स्थित लक्ष्मी इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में रविवार देर रात करीब दो बजे आग लग गई। दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल दुकान मालिक रंजीत कुमार और दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रतिष्ठान संचालक रंजीत कुमार ने बताया कि वह रविवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। उस समय सब कुछ सामान्य था। रात करीब दो बजे उन्हें दुकान में आग लगने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचने तक आग काफी फैल चुकी थी।
आग की चपेट में आने से दुकान में रखे पंखे, स्टेबलाइजर, स्विच, वायरिंग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समेत करीब 10 लाख रुपये कीमत का सामान जल गया।
दुकान में रखी करीब छह हजार रुपये की नकदी भी आग में जल गई। दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। दमकल विभाग की प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
रंजीत कुमार ने बताया कि दुकान ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन थी। दुकान में काम करने वाले तीन मजदूरों के परिवारों की रोजी-रोटी भी इसी से चलती थी। आग से हुए भारी नुकसान के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।