सांडा/महाराजनगर (सीतापुर)। सकरन क्षेत्र में पिता-पुत्र के रिश्ते को तार-तार कर देने वाली घटना सामने आई है। पैसे न देने पर बेटे ने पिता को पीट-पीट कर मार डाला। चीख पुकार सुनकर घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने बेटे को पुलिस के हवाले कर दिया।
मामला थाना सकरन क्षेत्र की ग्राम पंचायत किरतापुर है। शत्रोहन लाल (50) रविवार रात घर में खाना खा रहा था। इसी दौरान उसका बेटा अखिलेश आ गया। बेटे ने पिता से गुटखा खाने के लिए पैसे की मांग की। पिता ने मना कर दिया। इस पर अखिलेश को गुस्सा आ गया। उसने डंडे से पिता पर ताबड़तोड़ प्रहार करना शुरू कर दिया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग जुट गए। घर पहुंचे लोगों ने बीच बचाव करते हुए अखिलेश को पकड़ लिया फिर घटना की जानकारी पुलिस को दी।
शत्रोहन की हालत नाजुक देख लोग उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांडा लेकर पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी अखिलेश को हिरासत में ले लिया। एसओ सकरन मनीष कुमार ने बताया कि पुत्र की पिटाई से पिता की मौत होने की बात सामने आ रही है। आरोपी पुत्र को हिरासत में लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। भाई की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी ने घर का बेच दिया था राशन
आरोपी ने अपने पिता की निर्ममता से हत्या कर दी। इसके बाद भी उसे कोई अफसोस नहीं है। पुलिस की हिरासत में जब उससे पूछताछ की गई तो आरोपी ने साफ कह दिया कि उसका मन था, इसलिए उसने पिता को मार दिया। पुलिस की माने तो आरोपी आवारा किस्म का है, अपनी जरूरत पूरी करने के लिए कुछ दिन पहले ही उसने घर का राशन भी बेच दिया था।
लखनऊ में काम करता है भाई, मां रहती है बीमार
आरोपी का बड़ा भाई विमलेश लखनऊ में रहकर अपने परिवार का खर्च चलाता है। आरोपी की मां मनोरोगी है। जब घटना हुई तो वह घर में ही थी, लेकिन उसको कुछ समझ में ही नहीं आया कि आखिर हो क्या रहा है। आरोपी का पिता नाई की दुकान करता था। जिससे परिवार का खर्च चलता था। आरोपी इधर-उधर घूमता था, उसकी पढ़ाई का खर्च भी उसके बड़े भाई ने ही उठाया था।