पिसावां(सीतापुर)। थाना क्षेत्र में पुत्री की दवा लेने बाइक से सवार होकर जा रहे पिता की टेंपो की टक्कर से मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलावस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंचीं पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पिसावां इलाके के बराहमऊ खुर्द निवासी हरपाल सिंह (70) बाइक से पुत्री किरन (32) की दवा लेने कुतुबनगर जा रहे थे। इस दौरान मिश्रिख इलाके में गुरसंडा गांव के पास कुतुबनगर की ओर से आ रहे टेंपो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलावस्था में बुजुर्ग को अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन उसकी मौत हो गई।
गंभीर रूप से घायल किरन को लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद चालक टेंपो लेकर मौके से फरार हो गया था। एसओ पिसावां कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि टेपों और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।