सीतापुर। चैत्र नवरात्र का शुभारंभ सोमवार से हो गया। घर व मंदिर में भक्तों ने कलश स्थापित कर मां शैलपुत्री की आराधना की। श्रद्धालुओं ने कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मां के चरणों में शीश झुकाया। पूजन-अर्चन पर कोरोना का साया दिखा। मंदिरों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करके भक्तों ने मां का पूजन किया।
चैत्र नवरात्र की तैयारियों को लेकर भक्त कई दिन से जुटे थे। मंदिरों से लेकर घरों में पूजा स्थलों पर सफाई कर ली गई थी। चैत्र नवरात्र के पहले दिन मंगलवार को कोरोना संक्रमण की फैले खौफ के बीच नवरात्र को लेकर भोर से ही भक्तों में गजब का उत्साह का देखा गया। महिलाओं, पुरुषों ने घर व मंदिरों में कलश स्थापना कर विधि विधान से मां का पूजन अर्चन उनके चरणों में शीश नवाया।
शुभ मुहूर्त में कलश स्थापित करके प्रथम दिन मां शैलपुत्री की पूजा की गई। नैमिष के ललिता देवी मंदिर, रेउसा के मां सोनसरी मंदिर, शहर के आलमनगर स्थित दुर्गा मंदिर, पंजाबी धर्मशाला देवी मंदिर, संतोषी माता मंदिर के साथ ही अन्य देवी मंदिरों में खासा उत्साह का माहौल रहा। महिलाओं, पुरुषों से लेकर बच्चों तक ने व्रत रखा। मंदिरों में ज्यादा भीड़ नहीं दिखी।
भक्तों ने कोविड प्रोटोकॉल को ध्यान में रखकर मां का पूजन किया। फिर भी घंटे, घड़ियालों की गूंज से माहौल हर तरफ भक्ति भाव से सराबोर नजर आया। हर तरफ मैया के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही।
बाजार में जुटे खरीदार
यूं तो बड़ी तादात में भक्तों ने पहले ही खरीदारी कर ली थी, लेकिन जो लोग किसी कारण से खरीदारी नहीं कर पाए थे, उन लोगों ने सोमवार को बजार का रुख किया। ऐसे में दुकानों को शटर खुलते ही ग्राहकों की लाइन लग गई। भक्तों ने चुनरी, जटा नारियल, कपूर, लौंग, जौ आदि खरीदकर शुभ मुहूर्त में घरों में कलश स्थापित करके मां का पूजन किया।
महंगी हुए फल व सब्जी
नवरात्र शुरू होने के साथ ही फल व सब्जियों के दामों में तकरीबन 20 फीसदी का इजाफा हो गया है। सभी तबकों के व्रतधारियों के फलहार में शामिल होने वाले आलू का भाव 10 से उछलकर 15 रुपये प्रति किलो हो गया है। सेब, अंगूर, संतारा, कूटू का आटा आदि के भाव भी बढ़ गए हैं। व्रतधारी योगेश कहते हैं कि माता रानी सब पार लगाएंगी।
खट्टे फलों का करें सेवन
जिला अस्पताल के सीनियर फिजीशियन डॉ. जेएन सिंह कहते हैं कि व्रत में नीबू, शकर और हल्के नमक का घोल बहुत ही फायदेमंद रहेगा। उन्होंने कहा कि यह घोल डिहाइड्रेशन से बचाने के साथ ही इम्युनिटी को भी मेंटेन रखेगा। कहा कि व्रतधारी मौसमी खट्टे फलों संतरा, अंगूर आदि को फलाहार में शामिल करें। इससे भी फायदा मिलेगा।