पिसावां (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में शनिवार को एक साइकिल सवार पिता-पुत्र को कार ने कुचल दिया। राहगीरों की मदद से दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने पिता को मृत घोषित कर दिया। पुत्र की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।
सहियापुर निवासी विश्वराज (55) शनिवार को अपने पुत्र लालू (18) के साथ साइकिल से पिसावां बाजार गए थे। बाजार से घर लौटते समय महोली मार्ग पर महमदापुर द्वितीय की पुलिया के पास महोली की तरफ जा रही कार दोनों को रौंदते हुए पुलिया में जा गिरी।
दुर्घटना के बाद राहगीरों की मदद से पिता-पुत्र को सीएचसी लाया गया। वहां डॉक्टरों ने विश्वराज को मृत घोषित कर दिया। पुत्र की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी अंसार हुसैन रिजवी ने बताया कि हादसे के बाद कार छोड़कर चालक भाग गया। पुलिस कार चालक का पता लगा रही है।
ट्रैक्टर की टक्कर से मासूम की मौत
रेउसा (सीतापुर)। थानगांव के मजरा धूमपुरवा में शनिवार को एक ट्रैक्टर ने मासूम को रौंद दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। गांव निवासी दिलशाद (5) दरवाजे पर खेल रहा था। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आकर वह जख्मी हो गया। लोगों ने दिलशाद को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने बहराइच रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष उमेश चौरसिया ने बताया कि चालक मौके से भाग गया है। आपस में समझौते की बात चल रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।