सीतापुर। यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्र निर्धारण को लेकर जिले स्तर से कवायद पूरी हो गई है। जिले में प्रस्तावित 159 परीक्षा केंद्रों में से 13 को सूची से बाहर कर दिया गया है। अब सिर्फ 146 केंद्रों पर ही परीक्षा होगी। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद केंद्रों की सूची शासन भेज दी गई है। अब शासन से अंतिम मुहर लगनी बाकी है।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा फरवरी 2025 में प्रस्तावित है। केंद्र निर्धारण से पहले जिले के 342 इंटर कॉलेजों ने परिसर में मौजूद सुविधाओं का ऑनलाइन डाटा भरा था। इस डाटा के आधार पर शासन ने 159 कॉलेजों को केंद्र बनाया गया था।
इन केंद्रों पर 14 नवंबर तक 93 आपत्तियां आई थीं। इन आपत्तियों को डीआईओएस व एसडीएम ने निस्तारित कर जिलाधिकारी को रिपोर्ट दी थी। इसके बाद जिले स्तर से अंतिम रूप से केंद्र निर्धारित कर दिए गए हैं। 159 केंद्रों में से 13 को सूची से हटा दिया गया है। हटाए गए केंद्रों में कहीं पर फर्नीचर की समस्या थी, कहीं कक्षा कक्ष की कमी तो कहीं पर आवागमन का रास्ता सही नहीं था। कई केंद्र बोर्ड परीक्षा के मानक पूरे नहीं कर रहे थे। अब जिले में केंद्रों की संख्या 146 पहुंच गई है, जिनकी सूची शासन भेजी गई है। मालूम हो कि पिछले साल भी 146 केंद्र बनाए गए थे।
अब शासन स्तर से मांगी जाएंगी आपत्तियां
जिला स्तर से केंद्र निर्धारित हो जाने के बाद अब शासन स्तर से आपत्तियां मांगी जाएंगी। इन आपत्तियों का शासन स्तर से ही निस्तारण किया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा विभाग के सूत्रों का कहना है कि वैसे आमतौर पर जिला स्तर से निर्धारित केंद्रों पर ही मुहर लगती है, लेकिन औपचारिकताएं तो करनी होती हैं।
जिले से पूरी हुई कवायद
जिला स्तर से परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब शासन की तरफ से मुहर लगनी बाकी है।
-राजेंद्र सिंह, डीआईओएस