पिसावां। किसानों की सुविधा और उर्वरक वितरण को पारदर्शी बनाने के लिए केंद्र सरकार के पायलट प्रोजेक्ट के तहत सीतापुर में नई व्यवस्था लागू की गई है। अब किसानों को यूरिया या डीएपी खरीदने से पहले फर्टिलाइजर सेल्स एप पर ऑनलाइन बुकिंग कराना अनिवार्य किया गया है। इस नई प्रणाली की शुरुआत पिसावां विकासखंड के सभागार में उर्वरक विक्रेताओं को प्रशिक्षण देकर हुई।
पारादीप फास्फेट लिमिटेड और कृषि विभाग के अधिकारियों ने दुकानदारों को एप के उपयोग, बुकिंग प्रक्रिया और निगरानी की विस्तृत जानकारी दी। पारादीप फास्फेट लिमिटेड के प्रतिनिधि पंकज भारद्वाज और विनय प्रताप सिंह ने बताया कि भारत सरकार ने सीतापुर व रामपुर जनपद को इस योजना के लिए चुना है। इसका मुख्य उद्देश्य उर्वरकों की कालाबाजारी रोकना और किसानों को समय पर उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराना है। (संवाद)