सिधौली (सीतापुर)। छुट्टा घूम रहे गोवंश किसानों की मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। ये खेतों में झुंडों में जाकर फसल चट कर रहे हैं। इससे किसानों में दिन-प्रतिदिन नाराजगी बढ़ रही है। जिम्मेदार इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
इसी का नतीजा है कि शुक्रवार को महमूदाबाद मार्ग पर स्थित खजुरिया के किसानों ने जाफरीपुरवा चौराहे पर लकड़ी का बोटा डालकर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह जाम खुलवाया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि समाधान न होने पर सड़क पर विरोध-प्रदर्शन करते रहेंगे।
कोतवाली क्षेत्र के महमूदाबाद मार्ग स्थित खजुरिया गांव के किसानों ने छुट्टा जानवरों से तंग आकर सड़क जाम कर दिया। बड़ी संख्या में किसानों ने महमूदाबाद-सिधौली मार्ग के जाफरीपुरवा चौराहे पर लकड़ी का बोटा डाल कर सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मार्ग अवरुद्ध होने से वाहनों की कतारें लग गईं। इसकी सूचना सिधौली पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली से अपराध निरीक्षक वीरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को छुट्टा घूम रहे मवेशियों से निजात दिलाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। किसानों का कहना था कि प्रशासन जब तक छुट्टा जानवरों के लिए कोई व्यवस्था नहीं करेगा, मार्ग पर आवागमन नहीं होने देंगे। किसानों ने बताया कि दिन-रात खेतों की रखवाली करने के बावजूद जानवरों के झुंड एक साथ खेतों में घुस कर फसल को बर्बाद कर रहे हैं।