रेउसा। थानगांव के सीपतपुर ग्रामसभा के मजरा पूर्वियनपुरवा निवासी किसान सोबरन लाल यादव (65) बृहस्पतिवार शाम सरयू से जुड़े नाले के तेज बहाव में डूबकर लापता हो गए। वह रोज की तरह सरयू की शाखा पार कर टापू पर पशुओं को चराने गए थे। शाम को पशुओं के साथ घर लौटते समय हादसा हुआ। शुक्रवार को पीएसी की जल टीम ने मोटरबोट से सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक किसान का पता नहीं चल सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोबरन लाल तैरकर किनारे के करीब पहुंच गए थे। इसी दौरान अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चला। सूचना मिलते ही ब्रह्मचारी बाबा स्थान के पास ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। थानगांव पुलिस के साथ क्षेत्रीय लेखपाल करुणेश द्विवेदी और कानूनगो अब्दुल मन्नान भी मौके पर पहुंचे।
शुक्रवार सुबह नायब तहसीलदार सुधीर श्रीवास्तव और पीएसी की जल टीम मोटरबोट लेकर पहुंची। इसके बाद नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। सोबरन लाल के परिवार में पत्नी, दो पुत्र रामविजय (40), रामू (35) और पुत्री संगीता (20) हैं।