खैराबाद। भूमिजा बहुउद्देश्यीय सभागार में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की जिला इकाई का निर्वाचन हुआ। चुनाव में सौरभ यादव को जिलाध्यक्ष और अवध यादव को जिला मंत्री निर्वाचित किया गया। चुनाव के बाद सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने पद की शपथ ली। परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत कर उन्हें बधाई दी।
जिला इकाई के चुनाव में कुल 466 मतदाता थे। इनमें से 446 ने मतदान किया, जबकि 20 मतदाता अनुपस्थित रहे। इस तरह मतदान प्रतिशत 95.70 रहा। तहसीलवार मतदान में महमूदाबाद में 73 में से 71, बिसवां में 78 में से 77, महोली में 56 में से 53, लहरपुर में 78 में से 74, सिधौली में 68 में से 62, मिश्रिख में 50 में से 47 और सदर तहसील में 63 में से 62 मत पड़े।
जिला मंत्री पद के लिए हुए चुनाव में अवध यादव ने 241 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सतेंद्र यादव को 189 मत मिले, जबकि बलराम यादव को 14 मत प्राप्त हुए। इस तरह अवध यादव को जिला मंत्री निर्वाचित घोषित किया गया।
कोषाध्यक्ष पद पर मुकेश गौतम ने 269 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के चुनाव में सुनील गुप्ता को 251 मत मिले। उनके प्रतिद्वंद्वी आदर्श किशोर को 135 और अरुणेंद्र प्रताप को 55 मत प्राप्त हुए। सुनील गुप्ता को वरिष्ठ उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद संगठन के अन्य पदों पर निर्वाचित पदाधिकारियों की भी घोषणा की गई। इसमें सौरभ यादव को जिलाध्यक्ष, अवध यादव को जिला मंत्री, सुनील गुप्ता को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, आकाश वर्मा को कनिष्ठ उपाध्यक्ष, प्रदीप साहू को ऑडिटर और आशीष वर्मा को उपमंत्री चुना गया।
निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के समर्थकों में खुशी का माहौल रहा। समर्थकों ने पदाधिकारियों का स्वागत कर उन्हें बधाई दी। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने और लेखपालों के हित में सक्रियता से काम करने की बात कही। उन्होंने संगठन के सदस्यों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने और उनके समाधान के लिए प्रयास करने का भरोसा दिया।