फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: युवक की मौत के बाद परिजनों का प्रदर्शन, गर्भवती पत्नी गिरफ्तार

Fri, 18 Sep 2026 11:54 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
विज्ञापन
परिजनों का प्रदर्शन
विज्ञापन
महोली। अमिलिया गांव में युवक की मौत के बाद शुक्रवार को परिजनों ने शव गांव के बाहर अंबेडकर पार्क के पास रखकर करीब चार घंटे प्रदर्शन किया। परिजन प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। पुलिस पर अंतिम संस्कार के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने नारेबाजी की। बाद में इंस्पेक्टर ने मौके पर पहुंचकर तहरीर ली और पत्नी समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने मृतक की दो माह की गर्भवती पत्नी मोहिनी को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन

मृतक के पिता विजयपाल ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके बेटे प्रेमशंकर (22) को उसकी पत्नी मोहिनी, ससुर, साले और अन्य रिश्तेदारों ने आत्महत्या के लिए उकसाया। उन्होंने मोहिनी समेत छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। परिजनों का कहना था कि बृहस्पतिवार को तहरीर देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इसी से नाराज होकर उन्होंने शुक्रवार सुबह शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया और गांव के बाहर धरने पर बैठ गए।
अंतिम संस्कार के लिए दबाव का आरोप
परिजनों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने शव का अंतिम संस्कार कराने के लिए दबाव बनाया। इससे वे और आक्रोशित हो गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। करीब चार घंटे तक चले प्रदर्शन की सूचना पर महोली इंस्पेक्टर जेबी पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से तहरीर लेकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मौके पर मौजूद मोहिनी को गिरफ्तार कर लिया। सीओ महोली नागेंद्र चौबे ने बताया कि परिजनों को 24 घंटे के भीतर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया गया है। इसके लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।
विज्ञापन

पड़ोसी के बरामदे में मिला था शव
अमिलिया निवासी प्रेमशंकर का शव बृहस्पतिवार सुबह पड़ोसी के बरामदे में फंदे से लटका मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। शाम को शव गांव पहुंचने के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार नहीं किया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग शुरू कर दी थी।
तीन महीने पहले हुई थी शादी
इंस्पेक्टर जेबी पांडेय ने बताया कि प्रेमशंकर और मोहिनी की शादी करीब तीन महीने पहले हुई थी। मोहिनी दो माह की गर्भवती है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि किसी मामूली बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ था। इसके बाद घर के अन्य सदस्य भी विवाद में शामिल हो गए। कहासुनी के बाद प्रेमशंकर ने आत्महत्या की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें