सीतापुर। श्रमिकों का भुगतान समय से कराए जाने के निर्देश के बाद भी भुगतान न होने पर बीडीओ कसमंडा और टैंगिंग कार्य पर लापरवाही बरतने पर डिप्टी सीवीओ महमूदाबाद को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। यह जानकारी डीएम विशाल भारद्वाज ने दी। वह कलेक्ट्रेट सभागार में गोआश्रय स्थलों के कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने भूसे की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए कहा कि समय से टेण्डर कराया जाए और पशु चिकित्सकों की ड्यूटी भी गो आश्रय स्थलों पर नियमित रूप से तय की जाए। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन सहयोग से अधिक से अधिक भूसा एकत्रित कर गोआश्रय स्थलों को उपलब्ध कराएं।
नये चिह्ंित गोआश्रय स्थलों का सीमाकंन करते हुए तत्काल कार्य प्रारम्भ कराया जाए। इसके लिए मौके पर जाकर तहसीलदार से समन्वय कर जगह का चिन्हांकन सुनिश्चित कराया जाएं। उन्होंने कहा कि टैग हो चुके जानवरों की सूची प्रस्तुत करने और टैगिंग से छूटे जानवरों को टैग कराये जाने की कार्यवाही भी तत्काल पूरी करायी जाए।
इस कार्य में लापरवाही बरतने पर डिप्टी सीवीओ महमूदाबाद डा. आरसी चौधरी से लिखित स्पष्टीकरण भी तलब किया गया। बैठक में सीडीओ अक्षत वर्मा, एडीएम विनय कुमार पाठक, उपजिलाधिकारी सिधौली संतोष कुमार राय, उपजिलाधिकारी महमूदाबाद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।