बेसिक शिक्षा विभाग की सोमवार से शुरू होने वाली अर्द्घवार्षिक परीक्षाएं तीन दिन के लिए टाल दी गई हैं। अब यह परीक्षाएं 20 अक्तूबर से प्रारंभ होंगी। विभाग इसकी वजह अंतरजनपदीय स्थानांतरण काउंसलिंग होने की बात कह रहा है, जबकि सूत्रों का कहना है अभी तक प्राथमिक विद्यालयों के प्रश्रपत्र ही नहीं आए हैं।
इसी वजह से परीक्षा टाल दी गई है। परिषदीय परीक्षाएं 17 से 22 अक्तूबर के मध्य होनी थी। इसका शिड्यूल जारी किया जा चुका था। रविवार को लखनऊ से प्रश्रपत्र आने थे। इसके लिए सभी बीईओ को बीआरसी पर उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन देर शाम तक काफी इंतजार के बाद जब प्रश्रपत्र नहीं पहुंचे, तो विभाग ने परीक्षा टाल दी है।
हालांकि विभाग इससे इंकार कर रहा है। अब यह परीक्षाएं 20 से 25 अक्तूबर के मध्य कराई जाएंगी। बीएसए राजेंद्र सिंह ने बताया कि काउंसलिंग में बीईओ व कर्मचारियों की व्यस्तता के चलते परीक्षा तीन दिन के लिए बढ़ा दी गई है। प्रश्रपत्र आ गए हैं। 20 से परीक्षाएं होंगी।