रामपुर मथुरा (सीतापुर)। बांसुरा उपकेंद्र से जुड़े करीब 450 गांवों की बिजली दो दिन बाद भी बहाल नहीं हो पाई है। इलाके में कहीं पर पोल टूटे हैं तो कहीं तार टूटने की वजह से बाधा आ रही है। गर्मी में बिजली न मिलने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे वह बेहद परेशान हैं।
दो दिन पहले आई आंधी के बाद बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रामपुर मथुरा से गोड़ैचा जाने वाले मार्ग पर तुलसीपुर खरिका के पास पेड़ गिरने से बिजली के दो पोल टूट गए थे। इससे करीब दो घंटे हाईवे पर यातायात बाधित रहा था। बिजली विभाग ने पेड़ हटवाकर यातायात तो बहाल करवा दिया था लेकिन बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। इसी तरह रामपुर मथुरा से बहादुरगंज मार्ग पर नहरवल के पास कई पेड़ गिर जाने से भी यातायात प्रभावित रहा।
ब्लॉक परिसर में भी एक पेड़ टूटकर गिर गया। इस उपकेंद्र से जुड़े गांवों में शाम होते ही अंधेरा पसर जाता है। दो दिन से बिजली न आने से लोग खासे परेशान है। एसडीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि आपूर्ति बहाल करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। कई जगहों पर पेड़ व पोल टूटने की वजह से दिक्कत आ रही है। जल्द आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
काफी हुआ नुकसान
किसान सुखवीर, राजीव, महेंद्र सिंह, फौजदार आदि ने बताया कि गन्ने व केले की फसल धराशायी होने से काफी नुकसान हुआ है। मोहित व राजेश ने बताया कि बिजली न आने से कारोबार प्रभावित हो रहा है। मजदूरों को मजदूरी देनी पड़ रही है। घरों में लगे इलेक्ट्राॅनिक उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं। मोबाइल डिस्चार्ज होने से लोगों से संपर्क भी नहीं हो पा रहा है।