सीतापुर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की तरफ से आयोजित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक तथा सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा प्रारंभिक परीक्षा रविवार को 11 परीक्षा केंद्रों पर होगी। परीक्षा तैयारियों को जमीनी हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी ने शनिवार को मातहतों के साथ परीक्षा केंद्रों का भ्रमण भी किया। बताया कि परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले ही जांच के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश की अनुमति मिलेगी।
परीक्षा के लिए शहर में 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 4,608 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। पहली पाली सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक व दूसरी पाली दोपहर 2.30 से 4.30 बजे तक होगी। शनिवार को परीक्षा तैयारियों का जायजा लेने के लिए डीएम अभिषेक आनंद ने मातहतों के साथ राजकीय इंटर कॉलेज, राजा रघुवर दयाल इंटर कॉलेज, म्युनिसिपल इंटर कॉलेज, उजागर लाल इंटर कॉलेज, आरएमपी इंटर कॉलेज, आरएमपी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दीनदयाल उपाध्याय राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय आदि परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम, परीक्षा कक्ष, स्ट्रांग रूम आदि की व्यवस्था को भी देखा। जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से होगी।
डीएम ने कहा कि इस दौरान लोक सेवा आयोग द्वारा जारी निर्देशों का शत प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा संचालन से पहले कक्षों में ड्यूटी पर लगाए जाने वाले कक्ष निरीक्षकों के साथ भी एक बैठक अवश्य की जाए। परीक्षा के दौरान पुलिस व प्रशासनिक अफसरों की संयुक्त टीम केंद्रों पर सघन चेकिंग करने के साथ ही अराजक तत्वों पर नजर रखेंगी।
अभ्यर्थियों के ठहरने की होगी निशुल्क व्यवस्था
तहसीलदार डॉ अतुल सेन सिंह ने बताया कि पीसीएस परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए ठहरने की निशुल्क व्यवस्था की गई है। इनमें बस स्टेशन के पास अग्रसेन धर्मशाला में 200, पंजाबी धर्मशाला में 200, बस स्टेशन रैन बसेरा व कोट चौराहा रैन बसेरे में अभ्यर्थियों के रुकने की निशुल्क व्यवस्था है।
इसके साथ ही अभ्यर्थियों को परेशानी से बचाने के लिए एक हेल्प डेस्क भी बनाई गई है। इसमें लेखपाल अंजनी सिंह (8090383353), लेखपाल राहुल तिवारी (7007346165) और लेखपाल अवनीश यादव (7905381562) और आरक्षी सोनू (9756649407) को तैनात किया गया है। तहसीलदार ने शनिवार देर शाम अभ्यर्थियों के रुकने की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर इसे चुस्त दुरुस्त बनाने का निर्देश दिया।
बढ़ेंगे बसों के फेरे
एआरएम राकेश कुमार ने बताया कि पीसीएस परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए वर्तमान में संचालित रोडवेज की बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। पूरा प्रयास रहेगा कि अभ्यर्थियों को बिना किसी परेशानी के अधिक से अधिक संख्या में उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके।