सीतापुर। परिषदीय विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बावजूद सफलता नहीं मिल पा रही है। प्रधानाध्यापकों को गांवों में सर्वे कर सर्वे पंजिका बनाने के निर्देश दिए थे। फिर भी इसे नहीं बनाया गया। यह जिला टास्क फोर्स के निरीक्षण में सामने आया है। बीएसए ने बीईओ को सख्त हिदायत देते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।
विद्यालयों में नामांकन में तेजी लाने के लिए प्रधानाध्यापकों को अपने इलाके में घर-घर जाकर सर्वे करने के निर्देश दिए गए थे। इसके लिए नामांकन सर्वे पंजिका 2025 बनाने के लिए कहा गया था। इधर, जिला टास्क फोर्स समिति ने विद्यालयों का निरीक्षण किया तो वहां पर कोई पंजिका नहीं मिली है।
बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह को यह जांच रिपोर्ट मिलने पर नाराजगी जताई। बीईओ को निर्देश दिए गए हैं कि वह निरीक्षण के समय इस पंजिका को जरूर देखें। साथ ही अगर विद्यालय में पंजिका नहीं मिलती है तो पूरे विद्यालय के स्टॉफ का उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए कार्रवाई करें।