महोली (सीतापुर)। बिजली उपभोक्ताओं को बृहस्पतिवार को आपूर्ति न मिलने से परेशानी का सामना करना पड़ा। विभाग ने बिना जानकारी के 11 घंटे कटौती कर दी। इससे सात फीडर बंद होने से करीब 250 गांव प्रभावित रहे। उपभोक्ताओं की शिकायत पर उन्हें सही जानकारी भी नहीं दी गई। दोपहर बाद आपूर्ति बहाल होने पर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।
बृहस्पतिवार सुबह 4:30 बजे अचानक बिजली गुल हो गई। उपभोक्ता करीब दो से तीन घंटे तक इंतजार करते रहे। उसके बाद आपूर्ति न मिलने पर अफसरों से शिकायत की लेकिन उन्होंने कोई रिस्पांस नहीं दिया। इससे वह बेहद परेशान रहे।
व्यापार मंडल अध्यक्ष महेश गुप्ता में बताया कि बिजली विभाग के जिम्मेदार बगैर किसी सूचना के ही बिजली काट देते हैं जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर के संजय शुक्ला, शैलेंद्र मिश्रा, सत्य प्रकाश व रमेश ने बताया कि बिजली न आने से दिनचर्या प्रभावित हुई। बिजली न आने से तमाम आवश्यक कार्य प्रभावित रहे। संविदा कर्मियों से जानकारी करने पर मालूम हुआ कि ट्राली फुंकने से बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे उपकेंद्र से जुड़े सभी सात फीडरों की सप्लाई बाधित रही। दोपहर 3:30 बजे बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई।