हरगांव (सीतापुर)। विद्युत वितरण उपकेंद्र हरगांव से जुड़े करीब 122 गांवों में चार दिन से बिजली सप्लाई बदहाल हो गई है। हर एक से दो घंटे पर फॉल्ट आ रही है। कहीं केबल टूटने की समस्या बताई जाती है तो कहीं रोस्टिंग बताकर लोगों शांत कर दिया जाता है। 24 घंटे में महज चार से पांच घंटे ही सप्लाई आती है।
बिजली न मिलने से ग्रामीण बहुत परेशान हो रहे है। हरगांव विकासखंड में 82 ग्राम पंचायतें आती है। इन ग्राम पंचायतों में दो लाख से अधिक की आबादी निवास कर रही है। लेकिन यहां पर चार दिन से बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि एक से दो घंटे के अंदर फॉल्ट आ जाती है। इस दौरान लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है।
ट्रिपिंग की समस्या हर समय बनी रहती है। इसके कारण न तो किसान ट्यूबवेल चलाकर सिंचाई कर पा रहे है न ही घरों में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग कर पा रहे हैं। इस भीषण गर्मी में बिना बिजली के बहुत परेशानी हो रही है। एसडीएम सदर अनिल कुमार ने बताया जल्द ही यह समस्या दूर की जाएगी।