पिसावां (सीतापुर)। अमजदपुरवा गांव के पास बुधवार को बाइक सवार वृद्ध को एक वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध की मौत हो गई। वह एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
पट्टीपुरवा निवासी कैलाश यादव (60) मंगलवार रात बाइक से अपने मित्र श्यामसुंदर की पुत्री के विवाह में शामिल होने मुल्लाभीरी गांव जा रहे थे। अमजदपुरवा के निकट किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। कैलाश मौके पर काफी देर तक तड़पते रहे। काफी देर बाद स्थानीय लोगों ने परिजनों को मामले की जानकारी दी।
परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में सीएचसी पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वाहन की तलाश की जा रही है।
झोपड़ी में घुसी डीसीएम, बचा परिवार
खैराबाद (सीतापुर)। मुबारकपुर में बुधवार रात डीसीएम अनियंत्रित होकर झोपड़ी में घुस गई। झोपड़ी में मौजूद एक महिला ने अपने चार बच्चों के साथ भागकर किसी तरह जान बचाई। स्थानीय लोगों ने चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। बिसवां मार्ग पर मुबारकपुर गांव में जलिया (55) अपने बच्चों अमनेश (13), साक्षी (6), आंसू (12), इसानी (7) सड़क किनारे पड़ी झोपड़ी में सो रहीं थीं।
तभी बिसवां से सीतापुर मुख्यालय की तरफ आ रही डीसीएम अनियंत्रित होकर झोपड़ी में घुस गई। डीसीएम झोपड़ी में घुसने के बाद खंभे में टकरा कर रुक गई।खंभे के भी टुकड़े हो गए। गनीमत रही कि उस समय बिजली आपूर्ति बंद थी। डीसीएम में आग भी लग सकती थी। मौके पर पहुंचे लोगों ने झोपड़ी में मौजूद पांचों लोगों को सुरक्षित निकाला और चालक को पकड़कर पीट दिया। हादसे में जलिया को चोट लगी है। थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि डीसीएम को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।