सीतापुर। हरगांव के जहांगीराबाद स्थित कान्हा गोशाला के निरीक्षण में सोमवार को बजरंग दल के जिला संयोजक को आठ गोवंश मृत हालत में मिले। वहीं 10 गोवंश गंभीर रूप से बीमार थेे।
जिला संयोजक बजरंग दल अनुज भदौरिया ने बताया कि उन्होंने गोशाला में अव्यवस्थाएं देखकर मौके से ही हरगांव नगर पंचायत के चेयरमैन गफ्फार खां व अधिशासी अधिकारी श्रीश मिश्रा को फोन किया। दोनों लोग मौके पर आए और अव्यवस्थाएं देखीं। इस दौरान गोशाला में गोवंशों के लिए चारे-पानी की कोई व्यवस्था नहीं दिखी।
अधिशासी अधिकारी श्रीश मिश्रा ने आश्वस्त किया कि 2 जनवरी तक चारे पानी व दवाई का प्रबंध हो जाएगा। जब दो जनवरी को बजरंग दल कार्यकर्ता नगर पंचायत कार्यालय गए तो अधिशासी अधिकारी ने अभद्रता करते हुए कहा कि इसका कोई बजट नहीं आता है। जिला संयोजक ने अधिशासी अधिकारी पर अभद्रता करते हुए नगर पंचायत से बाहर निकलवाने का भी आरोप लगाया है। जिला संयोजक ने लिखित रूप से एसडीएम से मामले की शिकायत की है।