सीतापुर। जिले में पहले औद्योगिक पार्क की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। रस्योरा में 15 एकड़ में 6.37 करोड़ रुपये से औद्योगिक पार्क विकसित किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार ने 5 करोड़ का ऋण मंजूर किया है। पहली किस्त में 2.50 करोड़ रुपये का चेक बुधवार को मुख्यमंत्री ने उपायुक्त उद्योग को सौंप दिया है।
उद्योग विभाग की ओर से संचालित निजी औद्योगिक पार्क के विकास को लेकर प्लेज योजना के अंतर्गत प्रस्ताव शासन भेजा गया था। मुख्यमंत्री ने इसे मंजूरी दे दी है। लखनऊ के लोक भवन में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीतापुर प्लेज पार्क के लिए प्रथम किस्त के रूप में 2.50 करोड़ रुपये का चेक उपायुक्त उद्योग आशीष गुप्त को दिया।
जिले में यह पहला औद्योगिक पार्क होगा, जबकि प्रदेश में बनने वाले सात औद्योगिक पार्कों में से एक भी। शहर से सटी रस्योरा ग्राम पंचायत में 12 एकड़ में औद्योगिक पार्क विकसित होगा। प्लेज (प्रमोटिंग लीडरशिप एंड इंटरप्राइज फाॅर डवलपमेंट आफ ग्रोथ इंजन) योजना के तहत बनने वाले औद्योगिक पार्क में जमीन समतल करना, सड़क, पेयजल, सीवर, ग्रीन बेल्ट विकसित करने समेत अन्य कार्य कराए जाएंगे।
इसमें एमएसएमई इकाइयों को उद्योग स्थापना के लिए भूखंड विकसित कर बिक्री किए जाएंगे। यहां पर उन्हें उद्योग स्थापना से संबंधित सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। इसमें उद्योग विभाग द्वारा पूंजीगत सहयोग निजी विकास कर्ताओं को दिए जाने की व्यवस्था है।
यह प्रोजेक्ट जनपद के औद्योगीकरण को बढ़ाने में उपयोगी सिद्ध होगा। वर्तमान में जो निवेशक सीतापुर आ रहे हैं, उनकी जरूरत के हिसाब से भी इसमें भूखंड की उपलब्धता रहेगी। उपायुक्त उद्योग आशीष गुप्ता ने बताया कि औद्योगिक पार्क के विकसित होने से सीतापुर औद्योगिक क्षेत्र में प्रदेश के अग्रणी जनपदों में पहुंच जाएगा। सीएम ने पहली किस्त के साथ प्रशस्ति पत्र भी सौंपा है।
रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे
औद्योगिक पार्क में भूखंड खरीदने वाले उद्यमियों को स्टांप ड्यूटी में 75 फीसदी की छूट मिलेगी। यहां बेकरी, ग्लास इत्यादि कोई न कोई उत्पादन करने वाले उद्योग के लिए ही भूखंड उपलब्ध होगा। औद्योगिक पार्क विकसित होने से प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से सीतापुर के युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।