हरगांव (सीतापुर)। शारदा सहायक नहर में मिली डॉल्फिन को मारकर बांटने के मामले के बाद वन विभाग सतर्क हो गया है। वन विभाग बहराइच के कतर्नियाघाट से डॉल्फिन के सीतापुर आने की बात कह रहा है। सीतापुर में पहली बार गैंगटिक डॉल्फिन मिली है। इस मामले के बाद हरकत में आए वन विभाग ने नहरों के किनारे निगरानी के लिए मालियों की तैनाती कर दी गई। वन रेंजर समर बहादुर सिंह ने बताया कि डॉल्फिन का वजन करीब दो क्विंटल के आसपास होने की उम्मीद है।
हरगांव और लहरपुर सीमा के पास होकर शारदा सहायक पोषक नहर गुजरी है। सोमवार को तकिया सुल्तानपुर गांव के लोग नहर में जाल डालकर मछली पकड़ रहे थे। इस बीच जाल में डॉल्फिन आकर फंस गई थी। उसे इन लोगों ने पकड़ लिया था। इसके बाद उसे काटकर बंटवारा कर लिया था। किसी ने इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था।
वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आए वन विभाग ने मामले को लेकर हरगांव थाने पर तहरीर दी थी। वन रक्षक कमलेश की तहरीर पर हरगांव पुलिस ने मामले में दहियापुर के निवासी मिथुन और उसके पिता पृथ्वी समेत 12 लोगों पर केस दर्ज किया था। एसओ डीपी शुक्ला ने आरोपी पृथ्वी को गिरफ्तार कर लिया था। इस घटना के बाद सीतापुर में गैंगटिक डॉल्फिन कैसे पहुंची, इसको लेकर कयासों का दौर तेज हो गया है। वन विभाग का दावा है कि ये डॉल्फिन घाघरा, शारदा नहर के अलावा गंगा नदी में भी पाई जाती है।
बहराइच जिले के कतर्नियाघाट के गेरुवा नदी में गैंगटिक डॉल्फिन काफी हैं। जिम्मेदारों का कहना है कि अनुमान है कि वहीं से डॉल्फिन शारदा नदी या फिर घाघरा के बीच होते शारदा सहायक पोषक नहर में आ गई है। ये डॉल्फिन इससे पहले सीतापुर में कभी नहीं पाई गई है। इस घटना के बाद वन विभाग ने नहरों के किनारे निगरानी के लिए मालियों को तैनात कर दिया है, जिससे इस तरह की घटना अब दोबारा न हो सके। माली नहरों पर नजर रखेंगे।
दो आरोपी और गिरफ्तार
डॉल्फिन को मारकर काटने की घटना में नामजद आरोपी पृथ्वी को गिरफ्तार करने के बाद दूसरे दिन हरगांव पुलिस ने आरोपी बेटे मिथुन को भी गिरफ्तार कर लिया है। एसओ हरगांव डीपी शुक्ला ने बताया कि नामजद पिता-पुत्र गिरफ्तार हो चुके हैं। जिन अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया था, उसमें से भी एक आरोपी का नाम प्रकाश में आया है। उसे भी गिरफ्तार कर थाने लाया जा चुका है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
निगरानी के लिए लगाए गए माली
डीएफओ रुस्तम परवेज ने बताया कि शारदा सहायक पोषक नहर में गैंगटिक डॉल्फिन मिली है। ये डॉल्फिन बहराइच जिले के कतर्नियाघाट में गेरुवा नदी में काफी हैं। अनुमान है कि वहीं से शारदा, घाघरा नदी के जरिये सीतापुर आ गई थी। सीतापुर में पहली बार डॉल्फिन पाई गई है। इस घटना के बाद नहर के पास मालियों को लगाकर निगरानी कराई जा रही है।