महाराजनगर (सीतापुर)। विकास खंड सकरन के आयुर्वेदिक अस्पताल में मरीजों को इलाज के लिए तमाम परेशानी उठाना पड़ रही है। चिकित्सकों के समय पर न आने के कारण लश्करपुर स्थित अस्पताल में सुबह से जुटने वाली मरीजों की भीड़ को चिकित्सकों की कुर्सी खाली मिलती है।
मंगलवार को सुबह साढ़े दस बजे तक चिकित्सकों के अस्पताल न आने के कारण तमाम मरीज हाथ में पर्चा लिए डाॅक्टर की खोज में इधर-उधर टहलते दिखे। मौजूद फार्मासिस्ट विष्णु देव मिश्रा रजिस्टर पर लिखा पढ़ी कर रहे थे। जबकि वार्ड ब्वाय विजय कुमार मरीजों का पर्चा बना रहे थे। चौकीदार शिव प्रसाद मेडिसिन रूम के पास मौजूद थे। अस्पताल में तैनात दो योग शिक्षकों में से कोई भी मौजूद नहीं था। मरीजों ने बताया कि अस्पताल में तैनात चिकित्सक अक्सर अस्पताल नहीं आते हैं।
मजलिसपुर गांव निवासी दरबारी ने बताया कि साढ़े नौ बजे से बैठे हैं, जोड़ों में दर्द की समस्या रहती है। डॉक्टर साहब का इंतजार कर रहे हैं। अधिकतर यहां चिकित्सक दोपहर 12 बजे के आस पास ही आते हैं। इसी तरह गांव के अशोक मिश्रा ने बताया की खांसी, जुकाम, बुखार और कमर दर्द की समस्या से परेशान रहते हैं। काफी देर से बैठे हैं, अभी तक डॉक्टर साहब नहीं आए है। पता नहीं कब आएंगे। अमरेंद्र कुमार ने बताया कि अस्पताल में मौजूद कर्मचारी बताते हैं कि डॉक्टर साहब मंगलवार, गुरुवार, शनिवार को आते हैं। आज मंगलवार है, इसी वजह से दवा लेने आए हैं। अब डॉक्टर साहब का इंतजार दोपहर एक बजे तक करना पड़ेगा।