फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: डीएम साहब, मेरी जमीन से कब्जा हटवा दीजिए

Sat, 24 May 2025 11:47 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सीतापुर। डीएम साहब... मैं लखीमपुर का रहने वाला हूं, मेरा नाम प्रेम सिंह है। रायपुर गांव में जमीन है, जिस पर दबंगों ने कब्जा कर रखा है। जमीन से कब्जा हटवाकर मुझे कब्जा दिलवा दीजिए। यह गुहार शनिवार को कमलापुर में आयोजित थाना समाधान दिवस में पहुंचे लखीमपुर से आए पीड़ित ने जिलाधिकारी अभिषेक आनंद व पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के समक्ष लगाई। दोनों ही अधिकारियों ने मौके पर मौजूद तहसील व पुलिस के जिम्मेदारों को पीड़ित की शिकायत का निस्तारण प्राथमिकता पर करवाने का निर्देश दिया।
विज्ञापन

शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में अवैध कब्जेदारी से जुड़ी शिकायतों की संख्या ज्यादा रही। मनिकापुर निवासी आनंद कुमार ने भूमि पर कब्जे में विवाद तो शबनम ने भूमि की कब्जेदारी दिलवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। जटहा के बाबूराम ने पेड़ों के विवाद का तथा लखनऊ निवासी सुषमा ने कब्जेदारी का, सरैंया निवासी जयश्री ने दबंगों द्वारा खेत नहीं जोतने देने का, सुरैचां गांव के शिव प्रकाश ने भूमि पर कब्जेदारी, कम्हरिया गांव के मो. सईद ने चकमार्ग की पैमाइश के लिए गुहार लगाई।
जिलाधिकारी ने शिकायतों के निस्तारण में बरती जा रही ढिलाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जो अधिकारी लापरवाही बरतते हैं या समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में रुचि नहीं लेते हैं उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। निर्देश दिया कि हर शिकायत की स्थल पर जांच कर तथ्यों के आधार पर समाधान कर शिकायतकर्ता को स्पष्ट रूप से इसकी जानकारी भी मुहैया कराई जाए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सिधौली राखी वर्मा, तहसील व राजस्व तथा पुलिस व अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन


दाखिल खारिज जमीन पर नहीं मिल रहा कब्जा
महोली थाना दिवस में मुरादाबाद के हनुमान नगर निवासिनी उर्मिला ने शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उनका मायका महोली कोतवाली क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में है। जहां पर उन्होंने सवा बीघा जमीन खरीदी है। जिसका दाखिल खारिज भी हो चुका है। जिस पर गांव के ही बहादुर व सरिता ने जबरन कब्जा कर रखा है। कब्जा छोड़ने की बात कहने पर मारपीट करता है।
पैमाइश के बाद भी नहीं कर रहे मेड़बंदी
लहरपुर थाना समाधान दिवस में तारनपुर निवासी रईस खां ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसने तीन अप्रैल को उप जिलाधिकारी के आदेश पर अपने खेत की पैमाइश कराई थी, लेकिन खेत की मेड़बंदी पड़ोसी कास्तकार नाथू खां, अतीउल्ला, मसीउल्ला नहीं होने दे रहे हैं।
चकमार्ग पर हो गया कब्जा
महमूदाबाद में थाना दिवस में भुड़कुडा मजरा सेमरा निवासी श्रीराम ने शिकायत करते हुए बताया कि उसके खेत तक चकमार्ग है। जिस पर विपक्षी गंगाराम द्वारा अवैध कब्जा किया गया है। खेत तक कृषि यंत्र ले जाने में समस्या होती है। इससे पहले भी शिकायत की गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
बिजली कटौती से परेशान लोगों ने भी की शिकायत
मिश्रिख। शनिवार को कोतवाली में आयोजित थाना समाधान दिवस की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक ने की। इस दौरान बिजली कटौती से संबंधित शिकायती पत्र देते हुए ग्रामीणों ने बताया कि कस्बे के कुतुबनगर रोड पर रखे ट्रांसफार्मर से सभी काे सप्लाई मिलती है। अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा एसडीओ व जेई से बात कर जल्द बिजली आपूर्ति शुरू कराने की बात कही।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें