सीतापुर। कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवाई। रायफल क्लब में सीएमओ की मौजूदगी में 25 अफसरों ने पहली डोज लगवाई की। गुरुवार को 12 स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण हुआ। इस दिन 3608 फ्रंट लाइन वर्करों को टीकाकरण के लिए मैसेज दिया गया था। लेकिन इन केंद्रों पर 1524 कोरोना योद्धाओं ने पहुंचकर टीकाकरण करवाया।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पीके सिंह ने बताया कि 42 फीसद टीकाकरण हुआ है। बाकी कोरोना योद्धा टीकाकरण से नदारद रहे। शुक्रवार को फिर से इन्हीं केंद्रों पर टीकाकरण होगा। पूरा अभियान सफल रहा। कहीं पर भी कोई दिक्कत नहीं आई है। इस समय सिर्फ फ्रंट लाइन वर्करों का टीकाकरण किया जा रहा है। 16 जनवरी को जिले में कोरोना टीकाकरण की शुरुआत हुई थी। उसके बाद कई चरणों में टीकाकरण किया जा चुका है।
पहले स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण हुआ। अब फ्रंट लाइन वर्करों का टीकाकरण शुरू किया गया है। गुरुवार का दिन इसलिए और अधिक खास हो गया कि इस दिन अफसरों ने टीकाकरण करवाया। अफसरों के टीकाकरण के लिए रायफल क्लब को चुना गया था। इस केंद्र पर जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह, अपर जिलाधिकारी विनय पाठक, अपर जिलाधिकारी न्यायिक हरिशंकर शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह, डॉ. राजीव दीक्षित सहित कई सीओ व राजस्व कर्मियों ने टीकाकरण करवाया। इस दौरान सीएमओ डॉ. मधु गैरोला मौजूद रहीं।
सुरक्षित है वैक्सीन : डीएम
जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने बताया कि उन्होंने कोविड की वैक्सीन लगवाई है। किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं हुई है। राजस्व विभाग, पुलिस विभाग और स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मियों से अपील है कि वे भी वैक्सीन लगवाएं और अपना जीवन सुरक्षित बनाएं। कोरोना से बचाव को लेकर भारत में तैयार टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। टीका लगवाना बहुत ही आसान है। खुद के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है। अपनी बारी आने पर हर किसी को टीकाकरण स्थल पर पहुंचकर टीका लगवाना चाहिए।
बिना झिझक लगवाएं टीका : एसपी
पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह ने बताया कि वैक्सीन लेने के बाद किसी तरह साइड इफेक्ट नहीं हुआ। जिन लोगों ने पूर्व में टीका लगवाया है, उन्हें भी कोई दिक्कत नहीं हुई है। वैक्सीन के बाद सभी लोग पूरी तरह स्वस्थ है। इससे स्पष्ट है कि वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। अन्य लोग भी उत्साह के साथ बिना किसी झिझक के टीका लगवाएं। वैक्सीन लेने से किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। समाज व परिवार की सुरक्षा के लिए टीकाकरण बहुत जरूरी है।
28 दिन बाद लगेगा एक और टीका
टीकाकरण से पहले डीएम व एसपी सहित अन्य सभी अधिकारियों द्वारा पंजीकरण पहचान पत्र सहित सभी औपचारिकताएं निर्धारित मानक के अनुरूप पूरी की गई। इसके बाद अधिकारियों ने कोरोनारोधी वैक्सीन लगवाई। इन सभी अधिकारियों को अब 28 दिन बाद दूसरा टीका लगाया जाएगा।