बिसवां नगर पालिका परिषद बिसवां में चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत गुरुवार को दूसरे दिन भी अवैध कब्जे हटाए गए। यह अभियान सीतापुर और सब्जी मंडी मार्ग पर चलाया गया। अभियान में जेसीबी की मदद से नाले-नालियों पर बने चबूतरे तोड़े गए। साथ ही टिनशेड भी हटाए गए। कई जगहों पर अतिक्रमण विरोधी दस्ते की टीम से नोकझोंक भी हुईं।
नगर पालिका परिषद बिसवां कस्बा जाम का शिकार है। यहां की प्रमुख सड़कों पर फुटपाथ दुकानदारों ने अवैध कब्जे कर रखे हैं। दुकानदार भी अपने प्रतिष्ठानों का सामान निकालकर सड़कों पर सजा देते हैं। इससे वहां पर हर समय जाम की स्थिति बनी रहती हैं।जिस कारण लोग घंटों जाम में फंसकर जूझते रहते हैं।
इसे देखते हुए डीएम डॉ. सारिका मोहन ने तहसील प्रशासन को अभियान चलाकर अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिए थे। एसडीएम बिसवां दीपेंद्र यादव व पालिका अधिशासी अधिकारी विकास कुमार ने संयुक्त रूप से कस्बे में अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत सीतापुर मार्ग और सब्जी मंडी मार्ग पर अवैध कब्जे ढहाए। टिनशेड भी हटवाए गए। इस अभियान से पटरी दुकानदार और खोमचे वाले गुस्से में दिखे।