सीतापुर। शहर में स्थित अधिकांश स्थानों पर दुकानदारों ने फुटपाथ पर इस कदर अतिक्रमण कर रखा है कि उनकी वजह से हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। यह आलम शहर की मुख्य बाजार का है। जहां रोज पूरे जिले से लोग खरीददारी करने आते हैं। इसके बावजूद भी जिम्मेदारों की नजर इस ओर नहीं पड़ रही है।
मालूम रहे कि नगर पालिका की ओर से लगातार अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया जा रहा है। इसके बावजूद शहर की बाजार में इस कदर अतिक्रमण की भरमार है कि फुटपाथ पर लोगों का चलना दूभर हो गया है। पूरी बाजार में कहीं पर भी ऐसी जगह नहीं मिलेगी, जहां आपको फुटपाथ का स्थान खाली मिले। जिम्मेदार हर हफ्ते अभियान चलाकर अतिक्रमण हटा तो देते हैं। लेकिन जमीनी हकीकत कहीं पर भी दिखाई नहीं पड़ती है। कुछ दुकानदार तो ऐसे हैं जिन्होंने सड़क पर भी अपनी दुकान का सामान रखा हुआ है।
लोहामंडी से लगाकर बर्तन मंडी और लालबाग चौराहे से लगाकर घंटाघर चौराहे तक हर दुकानदार ने इसी तरह अपनी दुकान के सामने सामान लगाकर अतिक्रमण कर रखा है। जिम्मेदारों ने पूर्व में कई बार अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया, लेकिन दुकानदारों ने फिर फुटपाथों पर अतिक्रमण कर लिया है।
खड़ी होती है बाइक, सड़क पर रहता है सामान
जिन दुकानदारों ने अपनी दुकान के आग फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं किया है। उन दुकानों के सामने ग्राहक अपने वाहन खड़े कर देते हैं। दिन भर यहां पर वाहनों को जमावड़ा लगा रहता है। वाहन खड़े होने की वजह से भी यहां काफी देर तक लोग जाम की समस्या से जूझते रहते हैं। लोग फुटपाथ का इस्तेमाल नहीं कर पाते।
लोहा मंडी में दुकानदारों ने हद ही कर रखी है। यहां पर दुकानदारों ने फुटपाथ को तो अपने कब्जे में कर ही रखा है। इसके अलावा उन्होंने सड़क पर भी अपनी दुकान सजा रखी है। यहां अधिकतर लोहे से बनी चीजें ही मिलती हैं। दुकानदारों ने लोहे की चीजों को टीन में भी बांध रखा है। जिससे अक्सर चोटिल होनी की संभावना बनी रहती है। फिर भी दुकानदार अतिक्रमण से बाज नहीं आते।
जल्द खाली होगा फुटपाथ
जिन स्थानों पर लोगों के चलने के लिए फुटपाथ बना हुआ है, इसके बावजूद भी वहां पर दुकानदारों ने कब्जा किया है। ऐसे स्थानों को चिह्नित किया जाएगा। इसके बाद अभियान चलाकर फुटपाथ को हटाया जाएगा।
- वैैभव त्रिपाठी, ईओ नगर पालिका सीतापुर