जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शुक्रवार हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। ये हादसे अटरिया व तालगांव में हुए। तालगांव में धोंधी के पास शुक्रवार दोपहर एक बाइक और कार में जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक पर सवार एक युवक की मौत हो गई और उसके दो अन्य साथी जख्मी हो गए।
बाइक सवार मृतक युवक की पहचान रामकोट इलाके के हरिनगर निवासी सर्वेश (26) व उसके घायल साथियों की पहचान रामकोट इलाके के झालापुरवा निवासी अतीक (25) पुत्र लाल मोहम्मद व मुजीब (22) पुत्र बाबू के रूप में हुई है।
दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताते हैं कि कार श्रावस्ती में तैनात महिला आरक्षी की थी। कार में आरक्षी के अलावा चालक समेत तीन लोग सवार थे। इन्हें भी चोटें आई हैं।
बाइक सवार युवकों के परिवारीजन का कहना है कि तीनों युवक तालगांव के कंजा गांव एक रिश्तेदारी में जा रहे थे। पुलिस का दावा है कि जिस वक्त कार व बाइक में टक्कर हुई है। उस समय बाइक सवार अतीक टक्कर लगने के बाद कार के बोनट पर जा गिरा और उसका तमंचा गिर गया।
तमंचे को बरामद कर लिया गया है। उधर, अटरिया में मऊ गांव के पास एक तेज रफ्तार कार ट्रैक्टर को ओवरटेक करते वक्त अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पर चढ़ गई। इस दौरान लकड़ी लादकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली भी अनियंत्रित हो गई।
जिससे उस पर सवार अटरिया इलाके के रसुलवा सरायं गांव निवासी फूलचंद (22) से छिटक कर गिर गया। इसी बीच ट्रॉली से एक लकड़ी का बोटा फूलचंद के ऊपर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक व कार सवार लोग वाहन छोड़ भाग निकले।