शहर के गल्ला मंडी परिसर में आयोजित प्रशिक्षण में सीडीओ ने कहा कि प्रत्येक टेबल पर मतगणना के लिए पांच कर्मी तैनात किए गए हैं। इन कार्मिकों को निष्पक्ष, स्वतंत्र, मतगणना सम्पन्न कराना है। मतगणना के दिन निर्वाचन अभिकर्ताओं के लिए गणना कीप्रक्रिया के सतत अवलोकन के लिए क्रमवार स्थान भी सुनिश्चित कर लें। इसके साथ ही कर्मियों व अभिकर्ताओं के मतगणना के अंदर व बाहर जाने के लिए अलग-अलग रास्ते भी निर्धारित करने होंगे। डीडीओ डीके दोहरे ने मतपेटियों को खोलने के बारे में जानकारी दी।
डीडीओ ने बताया कि मतदान स्थल के अंदर धूम्रपान व मादक पदार्थों का प्रयोग न हो, इसकी जिम्मेदारी आरओ व एआरओ की होगी। किसी भी हालत में इन पदार्थों का प्रयोग नहीं होना चाहिए। प्रशिक्षण अफसर एसजे फारूकी व हामिद लतीफ ने आरओ व एआरओ द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब दिए और आयोग के निर्देशों की जानकारी दी । इस दौरान विशाल यादव, संदीप पांडेय, वीरेंद्र सिंह, पंकज, राजेश मौजूद रहे।
ड्यूटी न लेने पर लिपिक के निलंबन के निर्देश
पंचायत चुनाव की ड्यूटी लेने से इंकार करने वाले चकबंदी विभाग के एक लिपिक को निलंबित करने के निर्देश दिए गए है। मालूम हो कि प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य पद के चुनाव को लेकर सरकारी कर्मियों की विभिन्न कार्यों में ड्यूटियां लगाई जा रही हैं। चकबंदी विभाग के लिपिक राजेश कुमार ने चुनाव को लेकर भेजी गई ड्यूटी लेने से इंकार कर दिया। जिस पर सीडीओ एसके सिंह ने कार्यवाही करते हुए एसओसी को लिपिक को निलंबित करते हुए ड्यूटी आदेश पुलिस के जरिए तामील कराने के निर्देश दिए हैं।
पिसावां का बदला गया मतगणना केन्द्र
पंचायत चुनाव की मतगणना को लेकर प्रशासन ने पिसावां के स्ट्रांग रूम में परिवर्तन कर दिया है। डीडीसी व बीडीसी की मतगणना के लिए पिसावां विकास खंड में बाबू सिंह इंटर कॉलेेज को मतगणना केन्द्र बनाया गया था। अब प्रशासन ने प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य की मतगणना के लिए पिसावां के संत सूरज बाबू महाविद्यालय को स्ट्रांग रूम बनाया है। अब यहीं मतगणना होगी।