सकरन (सीतापुर)। बेहटा ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत लखनापुर में विकास कार्य करवाए बगैर निकाली गई धनराशि के मामले की जांच जिलाधिकारी ने उप निदेशक कृषि को सौंपी है। जांच आख्या तीन सप्ताह में उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, लखनापुर निवासी मुन्नालाल ने विगत पांच अप्रैल को जिलाधिकारी को शपथपत्र देकर आरोप लगाया था कि प्रधान रामरानी व पंचायत सचिव मोहित कुमार ने हैंडपंप रिबोर, स्ट्रीट लाइट, सोलर लाइट, पंचायत भवन में कुर्सी-मेज व माइक्रोटेक यूपीएस के नाम पर 10 लाख 64 हजार रुपये बगैर काम करवाए ही फर्जी तरीके से निकाल लिए थे। न तो हैंडपंप दुरुस्त करवाए और न अन्य कोई कार्य करवाए गए।
मुन्नालाल के शिकायती पत्र का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने मामले की जांच उप निदेशक कृषि को सौंपी है। शिकायती पत्र में दर्शाए गए आरोपों की बिंदुवार जांच करते हुए ग्रामीणों के बयान, जांच की फोटो समेत आख्या तीन सप्ताह के अंदर उपलब्ध कराने को कहा है।