हरगांव (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में शनिवार को चचेरे साले के साथ घर जा रहे बाइक सवार की गोलियों से भूनकर की गई हत्या के मामले में रविवार को परिजन भड़क गए। गुस्साए लोगों ने थाने के कुछ दूरी पर सड़क पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। सूचना पर मौके पर पहुंचे एसओ ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर लोगों का शांत कराया।
तालगांव इलाके के कंजा शरीफपुर निवासी हसीब (28) शनिवार को चचेरे साला रामकोट इलाके के करतारपुर निवासी शफीक के साथ बाइक से घर जा रहा था। इस बीच हरगांव इलाके में लहरपुर-हरगांव मार्ग पर ककरहिया चौराहे से 300 मीटर दूर साले को लघुशंका लगी। बाइक रुकवाकर वह लघुशंका कर रहा था, इस बीच कार सवार लोगों ने हसीब के सिर में ताबड़तोड़ तीन गोलियां मारकर मौके पर ही हत्या कर दी। सूचना मिलते ही एसपी आरपीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच कर हत्या आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के आदेश दिए थे।
देर शाम हरगांव एसओ ने मृतक के भाई अनीस की तहरीर पर आरोपी प्रधान इसरार, उसके भाई पप्पू, कल्लू, छोटे, जान मो. इकरार पर हत्या का केस दर्ज कर लिया था। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हैं। रविवार को मृतक के परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आक्रोशित हो गए।
गुस्साए लोगों ने सीतापुर-लखीमपुर मार्ग पर एक पेट्रोल पंप के पास प्रदर्शन किया। इसके बाद चौराहे की ओर बढ़े। उनकी मांग आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर थी। एसओ हरगांव ब्रजेश त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। गुस्साए लोगों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर शांत करा दिया।
रविवार को शव का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तालगांव, लहरपुर, हरगांव, मानपुर समेत कई थानों की पुलिस मुस्तैद रही।
प्रधान समेत चार आरोपी हिरासत में
युवक की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में नामजद छह लोगों में चार को हरगांव पुलिस ने देर रात कई स्थानों पर दबिश देने के बाद हिरासत में ले लिया है। दो अन्य की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हुई हैं।
हिरासत में लिए गए आरोपियों में प्रधान, उसके भाई आदि आरोपी हैं। हरगांव पुलिस अभी गिरफ्तारी और हिरासत की बात से इंकार कर रही है। पुलिस सूत्रों की माने तो पूछताछ करने के बाद पुलिस आरोपियों को सोमवार को जेल भेज सकती है।