बिसवां (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में शिव बरात में शामिल होकर घर लौटते समय डीजे समेत ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे श्रद्धालु गिर गया, इससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद खुशियां मातम में बदल गईं। मामले की सूचना पुलिस को दिए बिना ही परिवारीजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
थाना क्षेत्र सदरपुर के कटुआपुर निवासी शिवा (13) शुक्रवार को ग्राम कोठीपुरवा में निकली शिव बरात में शामिल होने के लिए गया था। बताया जाता है कि बरात वहां से बिसवां कोतवाली क्षेत्र के खंभेश्वर नाथ मंदिर गई जहां पूजा-अर्चना के बाद लौट रही थी। शिवा ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लदे डीजे पर बैठा था।
आसपास लोग डांस कर रहे थे। इसी बीच महमूदाबाद मार्ग स्थित भगवानपुर के पास शीशम की डाल में फंसकर वह डीजे समेत सड़क पर आ गिरा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद अफरातफरी मच गई।
घायलावस्था में उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बिसवां अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवारीजनों ने मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी है और शव का अंतिम संस्कार कर दिया। किशोर की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।