महोली। उमरिया गांव में मंगलवार को नहर के पास एक किशोरी का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। ग्रामीणों के अनुसार गांव निवासी प्रांशी (15) के पिता बालकराम की डेढ़ माह पूर्व मौत हो गई थी।
इसके बाद से प्रांशी काफी गुमसुम रहने लगी थी। प्रांशी बालकराम की दत्तक पुत्री थी। बालक राम ने अपनी पत्नी जगरानी के भाई की बेटी प्राची (4) को भी गोद लिया था। परिजनों के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे प्रांशी घर से निकली थी।
काफी देर तक वापस नहीं आई। गांव के किसान सिंचाई के लिए नहर का पानी खोलने गए थे तो पेड़ से उसका शव लटके देख घबरा गए। ग्रामीणों ने बताया कि किशोरी का शव दुपट्टे से बने फंदे के सहारे लटक रहा था। इंस्पेक्टर जंग बहादुर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।