सरैंया (सीतापुर)। रामपुर कलां थाना क्षेत्र में एक में वृद्ध महिला का शव संदिग्ध हालात में झाड़ियों में पड़ा मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनोें ने रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कह रही है।
महमूदाबाद के मोहल्ला बेलदारी टोला निवासी किरन शुक्ला ने बताया कि उनकी मां मैना देवी (85) रामपुर कलां के कैथा मजरा शंकर बक्श में रहती हैं। रविवार को उनका शव घर के नजदीक झाड़ी में पड़ा मिला।
किरन ने आरोप लगाया कि 25 मई की रात 10 बजे मैना देवी का गांव के कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इसके साथ ही उसे मारा भी गया था। 26 मई की सुबह उसका शव मिला है। महिला ने गांव के ही लोगों पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
सीओ सिधौली आलोक प्रसाद ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों का कहना है कि पड़ोसियों से जमीन का विवाद चल रहा है पूरे मामले की जांच की जा रही है।