गोंदलामऊ (सीतापुर)। क्षेत्र के कोठावां गांव के पास रविवार को संदना के नहोइया गांव निवासी सौरभ (32) का शव संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। वह अपनी ससुराल आया हुआ था।सौरभ के परिजनों ने ससुरालवालों पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। हालांकि उन्होंने कोई तहरीर नहीं दी है।
सौरभ के भाई अमित के अनुसार वह सौरभ को लेकर रक्षाबंधन के दिन उसकी ससुराल इस्माइगंज के मजरा हुसैनपुर गए थे। वह भाई को छोड़कर घर लौट गए थे। रविवार सुबह सौरभ के ससुर ने फोन करके बताया कि सौरभ का शव कोठावां गांव के बाहर सड़क पर पड़ा मिला।
जानकारी मिलते ही एएसपी दक्षिणी, सीओ मिश्रिख और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए। एएसपी दक्षिणी दुर्गेश ने बताया कि ससुराल में कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी। इसलिए सौरभ अपनी ससुराल से घर जाने की बात कहकर निकला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।