सीतापुर। जिले में डग्गामार बसों के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है। गुरुवार को यातायात प्रभारी ने रोडवेज बस स्टॉप से चार डग्गामार बसों को सीज किया। इससे डग्गामार बस संचालकों में हड़कंप है। परिवहन विभाग से यातायात प्रभारी को 70 डग्गामार बसों की सूची सौंपी गई है।
यातायात प्रभारी ने डग्गामार बसों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई शुरू की है। जिले में करीब एक सैकड़ा डग्गामार बसें विभिन्न मार्गों पर खुलेआम दौड़ रही हैं। यह डग्गामार बसें हर महीने रोडवेज को तकरीबन डेढ़ करोड़ रुपये की चपत लगा रही हैं।
ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से डग्गामार बस संचालकों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वह रोडवेज बस स्टॉप परिसर में सवारी लेने पहुंच जाते हैं। पिछले दिनों इसी तरह का एक मामला संज्ञान में आने पर एआरएम द्वारा कार्रवाई के लिए एआरटीओ को सूचना दी गई।
एआरटीओ के छुट्टी पर होने के कारण जब तक कोई अन्य सक्षम अधिकारी पहुंचता उससे पहले डग्गामार बस चली गई थी। गुरुवार को एक डग्गामार फिर रोडवेज बस स्टॉप परिसर में खड़ी होकर सवारियां भरती नजर आई। इस पर एआरएम ने यातायात प्रभारी को सूचना दी। यातायात प्रभारी ने रोडवेज बस स्टॉप पहुंचकर बस को सीज कर दिया।
रोडवेज के एआरएम ने 70 डग्गामार बसों की सूची यातायात प्रभारी को दी है। जिस पर कार्रवाई करते हुए टीएसआई ने रोडवेज के आसपास से तीन और डग्गामार बसें पकड़कर सीज कर दी हैं। इससे डग्गामार बस संचालकों में हड़कंप मच गया। कई डग्गामार बस चालक वाहन लेकर भाग खड़े हुए।
यातायात प्रभारी के मुताबिक डग्गामार बसों के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला आगे भी चलता रहेगा। डग्गामार बसें अब यातायात पुलिस की रडार पर हैं।
रोडवेज बस स्टॉप परिसर में सवारी भर रही डग्गामार बस की सूचना यातायात प्रभारी को दी गई। यातायात पुलिस ने डग्गामार बस सीज कर दी है। यातायात प्रभारी को 70 डग्गामार बसों की सूची सौंपी है।
- विमल राजन, एआरएम सीतापुर डिपो
जारी रहेगा अभियान
रोडवेज बस स्टॉप परिसर व आसपास से चार डग्गामार बसें सीज की गई हैं। आगे भी डग्गामार बसों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी।
- विनय सिंह, टीएसआई