कानपुर से आकर घर जा रहे एक युवक पर गांव के पास ही रंजिश के चलते शुक्रवार की देर शाम कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी, जिससे एक गोली युवक को जा लगी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
युवक ने गांव के ही दो लोगों को नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है। रामकोट के गाजीपुर लक्खी गांव निवासी मोहित ने बताया कि वह कानपुर में ड्राइविंग करता है। छुट्टी लेकर वह कानपुर से शनिवार देर शाम करीब नौ बजे घर जा रहा था।
जब वह रामकोट से कुतुबनगर मार्ग से अपने गांव जा रहा था, तभी झाड़ियों में छिपे बैठे दो लोग निकले और उस पर टार्च लगाते हुए बुलाया। इसी दौरान दो और लोग निकल आए। खतरा भांप भागने लगा तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली कूल्हे में जा लगी। गोली मारने आए लोगों ने एक का नाम विकास पुकारा था।
उसने बताया कि गांव के ही विकास व अखिलेश से उसकी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते इन लोगों ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उस पर फायरिंग की है। घटना को लेकर मोहित ने तहरीर दी है। एसओ चंद्रभान यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। दो पक्षों में रंजिश है। मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।