संदना थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक बाइक पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि बाइक पर बैठा उसका साथी जख्मी हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक हेेलमेट नहीं लगाए थे।
संदना के अलीनगर निवासी सर्वेश कुमार (22) गांव के ही अपने साथी राममूर्ति (25) पुत्र पुत्तीलाल के साथ बाइक से औमासा बाजार से मोहकमगंज बाजार जा रहे थे। मंगलवार दोपहर जब ये लोग संदना इलाके के कुंवरपुर के पास पहुंचे, तभी इनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़े किनारे एक पेड़ से जा टकराई।
हादसे में बाइक सवार सर्वेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे सीएचसी संदना भेजा गया, लेकिन गंभीर हालत के चलते चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। खबर पाकर पुलिस भी पहुंच गई थी। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।