नैमिष से दर्शन कर आ रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो व पुलिस जीप की रमुआपुर के पास आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पुलिस जीप के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बोलेरो सवार पांच श्रद्धालु गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
शुक्रवार को बोलेरो सवार सुशील कुमार (50), गुरदयाल (40), मातादीन (50) निवासीगण सीतापुर तथा टिंकू (28) निवासी रामकोट व राजेश (30) निवासी मुस्तफाबाद थाना रामकोट नैमिष दर्शन करने आए थे।
दर्शन कर वापस जाते समय शाम करीब 6 बजे रमुआपुर के पास श्रद्धालुओं की बोलेरो तथा मिश्रिख की पुलिस जीप आमने-सामने टकरा गई। पुलिस जीप को प्राइवेट चालक कमलेश (35) निवासी हुमायूपुर चला रहा था।
हादसे के समय जीप में वह अकेला ही था। टक्कर इतनी तेज थी, कि पुलिस जीप चला रहे कमलेश की मौके पर ही मौत हो गई। बोलेरो सवार सभी श्रद्धालु घायल हो गए। पुलिस ने सीएचसी मिश्रिख से घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।