रामकोट थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवती को ठोकर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलावस्था में परिवारीजन उसे जिला अस्पताल लाए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे से आक्रोशित परिवारीजनों ने लालबाग चौराहे पर शव रख जाम लगा दिया और वहीं पर प्रदर्शन करने लगे।
इस दौरान परिवारीजन शहर कोतवाली के रसूलपुर के प्रधान समेत कई लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा कर उन्हें शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन देकर शव को कब्जे में लिया। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी। ग्रामीणों के मुताबिक अंशिका ने हेलमेट नहीं लगाया था, जिस वजह से सिर में काफी चोट लग गई।
रामकोट निवासी मुन्ना लाल की पुत्री अंशिका देवी (22) अपने मौसा शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर निवासी दिवंगत रामचंद्र के घर रहती थी। रविवार सुबह अंशिका बाइक से अपने घर रामकोट जा रही थी तभी नवीन चौक के निकट एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
राहगीर उसे लेकर जिला अस्पताल भागे लेकिन युवती ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस पर परिवार के सदस्य शव लेकर लालबाग चौराहे पर पहुंच गए। यहां पर परिवार ने रसूलपुर के प्रधान आदि पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।
परिवार का कहना था कि जब अंशिका बाइक से रसूलपुर से निकली, उसी दौरान प्रधान व उसके समर्थकों ने कार से उसका पीछा कर लिया। नवीन चौक के निकट मौका पाते ही कार से अंशिका की मोटर साइकिल में टक्कर मार दी गई। परिवार का आरोप है कि हत्या की साजिश के तहत घटना को अंजाम दिया गया है।
परिवार वालों की मानें तो घटना का कारण अंशिका व उसकी मौसेरी बहनों का रसूलपुर की प्रधानी व कोटे के चुनाव में हस्तक्षेप करना बताया जा रहा है। उधर, लालबाग चौराहे पर हंगामे की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक दीपक शुक्ला पुलिस बल के साथ पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे परिवार के सदस्यों को कार्रवाई का भरोसा देकर शव को कब्जे में लिया।
पोस्टमार्टम के बाद शव को पुलिस की निगरानी में घर तक भेजा गया है। इधर, रामकोट थानाध्यक्ष सियाराम वर्मा ने बताया कि घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों के मुताबिक अंशिका ने हेलमेट नहीं लगाया था, जिस वजह से सिर में काफी चोट लग गई।