खोराबार में शराब गोदाम के पास रविवार की भोर में तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो में टक्कर मार दी। हादसे में किशोर की मौत हो गई। उसके पिता, तीन भाई और मां घायल हो गए। सूचना पर पहुंचा एंबुलेंस चालक सड़क किनारे पड़े किशोर का शव छोड़ घायल घरवालों को लेकर मेडिकल कॉलेज चला गया। किशोर के शव को लेकर पूरे दिन पुलिस हलकान रही। शाम को थाने पहुंचे चाचा ने पहचान की।
खोराबार प्रतिनिधि के अनुसार ब्रह्मपुर के रहने वाले कुसहर (35) परिवार के साथ बस्ती में स्थित ईट भट्ठे पर काम करते हैं। शनिवार की देर रात वह ट्रेन से पत्नी और बच्चों के साथ गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। रविवार की तड़के भोर तीन बजे टेंपो से कुसहर पत्नी गुड्डी देवी और चार बच्चों के साथ घर जाने के लिए निकला। साढ़े तीन बजे के करीब खोराबार में देसी शराब गोदाम के पास सामने से आ रही ट्रक ने टेेंपो में टक्कर मार दी।
हादसे में कुसहर गंभीर रुप से घायल हो गया। 12 साल का बेटा विकास टेंपो से छिड़कर सड़क किनारे जा गिरा। पेट, सीने और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। पत्नी गुड्डी और तीन बच्चे मामूली रुप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 नंबर का एंबुलेंस चालक गंभीर रुप से घायल कुसहर और मामूली चोटिल हुई गुड्डी और उसके तीन बच्चों को लेकर मेडिकल कॉलेज चला गया। भोर में पुलिस को सड़क किनारे पड़ी विकास की लाश मिली। पहचान न होने के कारण उसके हत्या की आशंका जताई जा रही थी। हादसे की जानकारी के बाद मेडिकल कॉलेज पहुंचे परिवार के लोगों ने विकास की खोजबीन शुरू की। शाम को खोराबार थाने पहुंचने पर शव देख उसकी पहचान कर ली।