पालिका के एक सफाई कर्मी ने बुधवार को ईओ के चैंबर में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालात सामान्य बताई जा रही है।
वह एरिअर के भुगतान की मांग कर रहा था। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। ईओ का कहना है कि सफाईकर्मी बेवजह दबाव बना रहे हैं।
शहर कोतवाली इलाके के तामसेनगंज बाल्दा कॉलोनी निवासी विनोद कुमार (45) पुत्र बाबू नगर पालिका में सफाईकर्मी है। उसकी बेटी की शादी होनी है। जिसके चलते वह एरिअर देने की मांग को लेकर बुधवार को ईओ कार्यालय में गया था।
इस पर ईओ ने मामले में चेयरमैन पति से वार्ता करने की बात कही। इससे क्षुब्ध होकर सफाईकर्मी ने कार्यालय में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर साथियों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालात सामान्य बताई जा रही है।
इस बारे में ईओ भूपेंद्र सिंह विशेन का कहना है कि यह सफाईकर्मी इससे पहले भी कई बार दबाव बनाने के लिए ऐसा कदम उठा चुका है। उनका कहना है कि सफाईकर्मी ने नगर पालिका पर दबाव बनाने के लिए ऐसा किया है। विनोद कुमार लोन लेना चाहता है। उसके लोन लेने को लेकर प्रक्रिया चल रही है।