लहरपुर कोतवाली इलाके के लालपुर गांव में सोमवार की रात मायके में रह रही विवाहिता की गला रेत कर हत्या कर दी गई। मृतका की मां ने उसके पति, ससुर को नामजद किया है।
घटना के पीछे दहेज की मांग पूरी न होना बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मायके वालों की तहरीर पर दो लोगों को नामजद किया गया है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लालपुर निवासी गुजारा (22) तालगांव क्षेत्र के नव्वाताली गांव निवासी सतीश कुमार को ब्याही थी। इस दौरान ससुराल में अनबन के चलते मायके में ही रह रही थी। सोमवार रात गुजारा की गला रेत कर हत्या कर दी गई और लाश को गांव के बाहर गन्ने के खेत में फेंक दिया गया।
मंगलवार सुबह लोग नित्यक्रिया के लिए निकले तो खेत में लाश पड़ी देखी। गर्दन धारदार हथियार से काटी गई थी। शरीर के अन्य हिस्सों पर भी जख्म थे। गुजारा की मां सुमन देवी ने बताया कि रात को वह घर में सोई थी।
सुबह वह चारपाई पर नहीं मिली तो आसपास खोजबीन की गई। कुछ देर बाद गन्ने के खेत में उसकी लाश पड़ी मिली। मृतका की मां का आरोप है कि गुजारा को उसकी ससुराल वाले ले नहीं जा रहे थे।
उससे मोटर साइकिल की मांग की जा रही थी। आरोप है कि मांग पूरी न होने के कारण रात को गुजारा का पति व ससुर रिक्खी ने गला रेत कर उसकी हत्या कर दी। उसकी मां ने उसके पति, ससुर को नामजद किया है।
इंस्पेक्टर विनय गौतम ने बताया कि लाश का पोस्टमार्टम कराया गया है। मायके वालों की तहरीर पर केस दर्ज करके जांच की जा रही है।