फल लेकर जा रहा तांगा अनियंत्रित होकर खड्ड में जा पलटा। उसमें सवार फल विक्रेता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तांगा चालक घायल हो गया। उसे उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया है। फल विक्रेता की मौत से घर में कोहराम मचा है।
टांडा के गांव दढ़ियाल मुस्तेहकम निवासी 65 वर्षीय इकबाल हुसैन पुत्र हसन रजा मंगलवार को नगर स्थित सब्जी मंडी से फल की खरीदारी कर तांगे में समान रखकर घर जा रहा था। जैसे ही तांगा गांव मुंशीगंज के निकट पहुंचा, घोड़े को ठोकर लगने से अनियंत्रित होकर खड्ड में जा पलटा।
तांगे के नीचे बुजुर्ग दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने घायल तांगा चालक को बाहर निकाला गया। सूचना मृतक के परिजनों को दी। पत्नी नईफ जहां समेत चारों बेटियों का रोकर बुरा हाल है। फल विक्रेता की दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि दो अभी अविवाहित हैं।
कोई बेटा नहीं होने के कारण फल विक्रेता ही परिवार के गुजर बसर का सहारा था। इससे घर में कोहराम मच गया। परिजन मौके पर पहुंच गए और शव को घर ले गए। घायल तांगा चालक को निजी चिकित्सक के यहां उपचार के लिये भर्ती कराया गया है।