हरगांव रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सवार होकर लखीमपुर जा रही एक महिला यात्री से लुटेरे ने चाकू के बल पर कान के कुंडल लूट लिए। विरोध करने पर उसने चाकू से हमला करने की कोशिश भी की। इस बीच वारदात को अंजाम देकर भाग रहे लुटेरे को शोर सुनकर प्लेटफार्म पर लोगों ने दबोच लिया।
आरोपी को जीआरपी के हवाले कर दिया गया है। कुंडल व चाकू भी बरामद हो गया है। हरगांव के शिवनगर निवासी उर्मिला (46) पत्नी सुनील कुमार लखनऊ-पीलीभीत पैसेंजर ट्रेन में हरगांव से सवार होकर लखीमपुर जा रही थी। महिला जहां बैठी थी, उसके आसपास यात्री नहीं थे।
सिर्फ एक व्यक्ति ही वहां बैठा था। इसी बीच महिला के पड़ोस में बैठे एक बदमाश ने चाकू निकाल कर महिला को निशाने पर ले लिया। बदमाश ने उसके कान के सोने के कुंडल छीन लिए, जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे मारने का प्रयास किया, लेकिन महिला बच गई।
घटना के बाद आरोपी भाग निकला पर महिला ने शोर मचा दिया। इस पर प्लेटफार्म पर मौजूद लोगों ने आरोपी को दौड़ा कर दबोच लिया। जीआरपी ने आरोपी के पास से चाकू व लूटे गए कुंडल बरामद कर लिए हैं। उसकी पहचान हरगांव के विष्णु नगर निवासी रोहित के रूप में की है। जीआरपी का कहना है कि केस दर्ज कर उसे जेल भेजा जा रहा है।