हरगांव थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका भाई चोटिल हो गया। घटना के बाद लोगों ने वाहन को पकड़ कर पुलिस बुला ली। पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
हरगांव इलाके के नरसिंहपुर निवासी देशराज अपनी बहन कांती (25) को छोड़ने बाइक से उसकी ससुराल तालगांव इलाके के रिखौना गांव को जा रहा था। ये दोनों हरगांव इलाके में कोरैय्या विशुनपुर के पास पहुंचे, तभी एक ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी।
बाइक की टक्कर से देशराज तो कुछ दूर जा गिरा, लेकिन कांती ट्रॉली के पहिए के नीचे आ गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद लोगों ने ट्रैक्टर को रोक लिया, लेकिन चालक भाग निकला। हादसे में देशराज को भी चोटें आईं हैं। उसे सीएचसी ले जाया गया। खबर पाकर पुलिस भी पहुंच गई थी। एसओ योगेंद्र सिंह का कहना है कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वाहन को पकड़ लिया गया है।