शारदा व घाघरा में दो किशोर डूब गए। एक की मौत हो गई जबकि दूसरे किशोर का अब तक पता नहीं चला है। लहरपुर में किशोर शारदा नाले में नहाने गया था, तभी हादसा हो गया। जबकि रामपुर मथुरा क्षेत्र में मवेशी को बचाने में किशोर घाघरा में बह गया।
लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुगलपुर निवासी इरफान का पुत्र रियाज (15) सोमवार को गांव के ही कई युवकों के साथ शारदा नाले पर नहाने गया था। यहां पर सभी युवक रपटा पुल से छलांग लगाने लगेे। बारिश के कारण इन दिनों नाले में काफी पानी है। रियाज ने रपटा पुल से जैसे ही छलांग लगाई, तेज बहाव के आगे वह बेबस हो गया।
पानी की तेज धार व गहराई अधिक होने के कारण वह डूब गया। उसे डूबते देख साथियों ने शोर मचाया तो गांव के लोग रपटा पुल पर पहुंचे और मदद में जुट गए। करीब आधा घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने रियाज को नाले से बाहर निकाला लेकिन तब तक रियाज की मौत हो चुकी थी।
उधर, रामपुर मथुरा इलाके के परमगोडा मजरा कलुवापुर गांव निवासी करन (14) पुत्र दिनेश वर्मा मंगलवार दोपहर अपने मवेशी लेकर घाघरा की ओर गया था। बताते हैं कि मवेशी नदी के किनारे चले जाने से किशोर उन्हें रोकने गया था। नदी में गिरकर वह लापता हो गया।